कभी-कभी अचानक फ़ोन बजता है और दूसरी तरफ़ से आवाज़ आती है
“मनु… तू ठीक है न?” तो कभी “तूलिका… सब ठीक तो है?”
मैं एक पल के लिए चुप हो जाती हूँ। सोचती हूँ, मैंने तो किसी से कुछ कहा भी नहीं। न अपनी परेशानी किसी को बताई, न ही किसी से अपने मन की उलझन साझा की, फिर इन्हें कैसे पता चल गया?
शायद दोस्ती का अपना कोई अदृश्य रास्ता होता है, जहाँ शब्दों से पहले एहसास पहुँच जाते हैं। जहाँ आवाज़ की एक हल्की-सी थकान भी छिप नहीं पाती और हमारी ख़ामोशी भी बहुत कुछ कह जाती है।
कुछ रिश्ते हमें विरासत में मिलते हैं और कुछ रिश्ते हम अपनी पूरी ज़िंदगी जीकर कमाते हैं।
अगर मुझसे कोई पूछे कि मैंने अपनी ज़िन्दगी में सबसे कीमती क्या कमाया है, तो मेरा जवाब होगा – दोस्त।
ज़िन्दगी में बहुत से लोग मिलते हैं। कुछ सिर्फ़ नाम बनकर रह जाते हैं, कुछ याद बनकर और कुछ ऐसे होते हैं जो धीरे-धीरे हमारी आदत, हमारी ताक़त और हमारे व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाते हैं। शायद उन्हें ही दोस्त कहते हैं।
दोस्ती… शायद दुनिया का सबसे ख़ूबसूरत रिश्ता है। एक ऐसा रिश्ता, जिसे न ख़ून के रिश्ते की ज़रूरत होती है, न किसी सामाजिक नाम की और न ही किसी मजबूरी की। सिर्फ़ दो दिलों का एक-दूसरे के लिए सच्चा होना ही काफ़ी होता है।
मेरे लिए दोस्ती हमेशा से बहुत ख़ास रही है। शायद मेरी ज़िन्दगी का सबसे प्यारा विषय। ऐसा विषय, जिस पर बात करते हुए मैं कभी थकती नहीं।
आज भी जब पीछे मुड़कर देखती हूँ तो अपने आप मुस्कुरा देती हूँ। सोचती हूँ, कितने लोग होंगे जो यह कह सकते हैं कि उनके नर्सरी के दोस्त आज भी उनकी ज़िन्दगी का हिस्सा हैं। समय बदला, शहर बदले, ज़िम्मेदारियाँ बदलीं और ज़िंदगी ने हम सभी को अलग-अलग दिशाओं में भेज दिया लेकिन कुछ रिश्ते वहीं के वहीं खड़े रहे।
बचपन में दोस्ती का मतलब साथ खेलना, टिफ़िन बाँटना, एक-दूसरे से रूठना और अगले ही पल फिर साथ हो जाना था। तब न किसी की उपलब्धियों का हिसाब था, न जीवन की उलझनों का अंदाज़ा।
आज दोस्ती का अर्थ बदल गया है। अब दोस्ती का मतलब हर दिन मिलना नहीं, बल्कि महीनों बाद भी उसी अपनेपन से बात करना है। साथ खेलना नहीं, बल्कि एक-दूसरे को बिखरने से बचाना है।
शायद दोस्ती की यही सबसे बड़ी ख़ूबसूरती है – दोस्ती दूरी नहीं मापती, भरोसा मापती है।
ज़िन्दगी एक सफ़र है और इस सफ़र में न जाने कितने मुसाफ़िर मिलते हैं। कोई कुछ कदम साथ चलता है, कोई कई साल और कुछ ऐसे होते हैं जो भले ही साथ न हों, लेकिन फिर भी पूरी ज़िन्दगी हमारे साथ चलते रहते हैं।
मैं ख़ुद को बहुत सौभाग्यशाली मानती हूँ कि मेरी ज़िन्दगी में जितने भी दोस्त बने, उनमें से अधिकांश आज भी मेरे जीवन का हिस्सा हैं।
हम महीनों बात नहीं करते। कई बार सालों तक मुलाक़ात नहीं होती। हम सभी अपनी-अपनी व्यस्तताओं में उलझे रहते हैं। लेकिन जैसे ही ज़िन्दगी किसी कठिन मोड़ पर खड़ी होती है, न जाने कैसे हमें ख़बर हो जाती है कि मुझे उनकी या उन्हें मेरी ज़रूरत है। शायद दोस्ती में कोई ऐसा तार जुड़ा होता है, जो दिखाई नहीं देता लेकिन महसूस हमेशा होता है।
मुझे हमेशा लगता है कि दोस्त वह नहीं होता जिससे आप सबसे ज़्यादा बातें करते हैं या जिसके साथ आप सबसे ज़्यादा समय बिताते हैं।
दोस्त वह होता है जिसके सामने आपको कुछ साबित नहीं करना पड़ता।
जिसके सामने आपको हर समय मजबूत होने का नाटक नहीं करना पड़ता।
जिससे यह कहने में झिझक नहीं हो कि “आज मैं ठीक नहीं हूँ।”
और वह बिना कोई सलाह दिए बस इतना कह दे – “तू चिंता मत कर… मैं तेरे साथ हूँ।”
कई बार यही एक वाक्य इंसान को हिम्मत दे देता है और यही भरोसा उसे टूटने से बचा लेता है।
कुछ दोस्त हमारी ज़िन्दगी में कोई बहुत बड़ा चमत्कार नहीं करते। वे हमारी हर समस्या का समाधान भी नहीं कर सकते। वे हमारी किस्मत भी नहीं बदल सकते, लेकिन मुश्किल दिनों को जीने लायक़ ज़रूर बना देते हैं।
उनका सिर्फ़ साथ होना ही बहुत होता है। उनकी मौजूदगी सुकून देती है। उनकी हँसी घर जैसा अपनापन महसूस कराती है। उनकी आवाज़ सुनकर डर थोड़ा कम हो जाता है। उनका साथ ज़िंदगी के सबसे कठिन दिनों का बोझ भी थोड़ा हल्का कर देता है।
कुछ लोग हमारी ज़िन्दगी में बस जुड़ते नहीं हैं, वे बस उसे पहले से थोड़ा अधिक रोशन और थोड़ा आसान बना देते हैं।
ज़िन्दगी ने कभी भी मुझे बहुत आसान रास्ते नहीं दिए। हर कदम पर ज़िन्दगी मेरे सामने नई-नई चुनौतियाँ रखती रही। ऐसे दिन भी आए जब हिम्मत साथ छोड़ने लगी, लगा कि अब शायद मुझमें आगे बढ़ने की ताक़त नहीं बची। बाहर से मैं सामान्य दिखाई देती थी। लोगों से मिलती थी, बात करती थी, मुस्कुराती भी थी लेकिन अंदर ही अंदर न जाने कितनी लड़ाइयाँ मैं चुपचाप लड़ रही थी।
आज जब पीछे मुड़कर देखती हूँ तो एहसास होता है कि मैं शायद कभी अकेली थी ही नहीं। मेरे हर कठिन समय में कोई न कोई दोस्त मेरे साथ हमेशा था।
किसी ने घंटों फ़ोन पर सिर्फ़ मेरी बातें सुनीं।
किसी ने बिना कुछ कहे ही मेरी ख़ामोशी पढ़ ली।
किसी ने मेरी हँसी के पीछे छिपी थकान पहचान ली।
किसी ने मुझे परेशानियों से लड़ने की हिम्मत दी।
किसी ने बिना थके बार-बार मेरा हाल पूछा।
और किसी ने अपनी छोटी-छोटी परवाह से मुझे यह एहसास कराया कि मैं अकेली नहीं हूँ।
कई बार प्यार बड़े-बड़े शब्दों में नहीं, छोटी-छोटी फ़िक्रों में छिपा होता है।
एक साल पहले डायबिटिक न्यूरोपैथी की वजह से मैं लगभग दो महीने तक बिस्तर पर थी। चलना भी बहुत मुश्किल था। शरीर साथ नहीं दे रहा था और मन हर छोटी आवश्यकता का भी हिसाब लगाने लगा था।
उस समय मुझे एक ऑटोमैटिक कार की ज़रूरत थी, ताकि मैं अपनी निर्भरता कुछ कम कर सकूँ और धीरे-धीरे फिर से अपनी ज़िंदगी संभालना शुरू कर सकूँ। ज़रूरत मेरे सामने थी, लेकिन उससे पहले उसकी क़ीमत खड़ी थी।
मेरी एक दोस्त को जब यह बात पता चली, तो उसने बिना मेरे कुछ कहे, बिना कोई एहसान जताए और बिना मुझे छोटा महसूस कराए, कार के डाउन पेमेंट के लिए पैसे मेरे अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए, ताकि मेरे ऊपर ईएमआई का बोझ थोड़ा कम हो सके। मैंने बहुत मना किया लेकिन वो नहीं मानी।
मैंने अपनी आदत के अनुसार तुरंत हिसाब लगाना शुरू कर दिया। सोचने लगी कि पैसे कैसे और कब लौटा पाऊँगी। उसने मुझे रोक दिया और कहा, “अभी हिसाब मत लगा। यह ज़रूरी है। पहले ख़ुद को संभाल… मैं कहीं नहीं जा रही।”
आज भी अगर कभी उन पैसों को लेकर मुझे तनाव होता है तो वह यही कहती है, “अगर तेरा एक तनाव कम करके मैंने तुझे दूसरा तनाव दे दिया, तो फिर मेरे कुछ भी करने का फ़ायदा ही क्या हुआ?” उसकी यह बात याद आते ही मन में उसके लिए सम्मान और बढ़ जाता है।
शायद असली मदद सिर्फ़ पैसे देने या साथ देने से नहीं होती। असली मदद तब होती है जिसमें सामने वाला आपका हाथ भी थामे और आपके आत्मसम्मान को भी ठेस न पहुँचने दे।
कुछ लोग हमारी समस्या हल करने नहीं आते। वे बस हमारे पास बैठकर, हमें ये भरोसा देते रहते हैं कि हम एक दिन उस समस्या से निकल जाएँगे। शायद दोस्ती हमें हर मुश्किल से बचा नहीं पाती, लेकिन मुश्किलों के बीच हमें अकेला भी नहीं छोड़ती।
मेरी ज़िन्दगी में भी किसी दोस्त ने मेरा आत्मविश्वास लौटाया। किसी ने मेरी हिम्मत मुझे याद दिलाई। किसी ने मुझे उस समय मेरे भीतर छिपी ताक़त दिखायी, जब मुझे अपने अंदर सिर्फ़ कमज़ोरियाँ दिखाई दे रही थीं।
और किसी ने मुस्कुराकर मुझसे बस इतना कहा “मुझे पता है, हर बार की तरह अपनी हिम्मत से तू इस कठिन समय से भी निकल जायेगी।”
शायद उन्हें कभी अंदाज़ा भी नहीं होगा कि उनके इन छोटे-छोटे वाक्यों ने मुझे कितनी बार टूटने से बचाया है।
कई बार हम मुश्किलों से अपनी हिम्मत की वजह से नहीं, बल्कि किसी के हम पर किए गए भरोसे के सहारे निकलते हैं। और मेरी ज़िंदगी में वह भरोसा मुझे सबसे ज़्यादा मेरे दोस्तों से मिला।
ज़िंदगी ने मुझे एक और सच भी सिखाया है। जिन लोगों से कभी-कभी हमें सबसे अधिक उम्मीद होती है, अधिकतर वो ही हमारे साथ नहीं होते। लेकिन जिनसे हमने कभी कुछ माँगा भी नहीं होता, वे अचानक हमारे सामने ढाल बनकर खड़े हो जाते हैं। तब समझ आता है – रिश्ते शब्दों से नहीं, निभाने से बनते हैं।
दोस्ती शायद इसलिए भी इतना अनमोल रिश्ता है क्योंकि इसमें कोई वचन,बंधन या मजबूरी नहीं होती। हर बार साथ खड़े होना एक चुनाव होता है।
और जब कोई इंसान बार-बार, आपके अच्छे और बुरे दोनों समय में, बिना किसी स्वार्थ के आपके साथ खड़ा होना चुनता है, तब समझ आता है कि दोस्ती सिर्फ़ एक रिश्ता नहीं है – वह विश्वास का सबसे सुंदर रूप है।
उम्र के साथ दोस्ती का अर्थ भी बदल जाता है। अब दोस्ती का मतलब रोज़ मिलना, साथ घूमना या तस्वीरें लेना नहीं रह जाता। अब दोस्ती का अर्थ है – महीनों बाद भी उसी अपनेपन से बात करना, बिना वजह फ़ोन करके पूछ लेना, “क्या चल रहा है, बस ऐसे ही तेरी याद आ रही थी…” और बातचीत का वहीं से शुरू हो जाना, जहाँ पिछली बार ख़त्म हुई थी।
कोई हिसाब नहीं… कोई शिकायत नहीं… कोई औपचारिकता नहीं… बस अपनापन।
मुझे दोस्ती की सबसे ख़ूबसूरत बात यह भी लगती है कि इसमें प्रतिस्पर्धा नहीं होती।
अगर कोई सच में आपका दोस्त है तो आपकी सफलता देखकर उसके चेहरे पर मुस्कान आती है, माथे पर शिकन नहीं।
उसे आपकी उपलब्धियाँ अपनी लगती हैं।
आपकी जीत से उसका कद छोटा नहीं होता, बल्कि उसका दिल ख़ुशी और गर्व से बड़ा हो जाता है।
सच्चा दोस्त आपकी जीत पर सिर्फ बधाई नहीं देता। वह उस पूरी यात्रा और उन संघर्षों को याद रखता है, जो आपको उस जीत तक लेकर आए हैं।
उसे पता होता है कि आपकी मुस्कान के पीछे कितनी बेचैन रातें, कितनी असफलताएँ और कितनी ख़ामोश लड़ाईयाँ रही हैं।
इसलिए आपकी उपलब्धि पर उसकी आँखों की चमक अलग होती है। उस चमक में तुलना नहीं होती, गर्व होता है।
सच्ची दोस्ती में एक-दूसरे से आगे निकलने की इच्छा नहीं होती, एक-दूसरे को आगे बढ़ाने की ज़िद, एक-दूसरे को आगे बढ़ता देखकर ख़ुश होने का सुकून होता है।
आज के समय में यह भावना दुर्लभ होती जा रही है। लेकिन जहाँ यह मिल जाए, समझिए आपको जीवन का एक अनमोल रिश्ता मिल गया।
मैं रिश्तों में बहुत व्यावहारिक इंसान कभी नहीं बन पाई। शायद इसलिए दोस्ती मेरे लिए सिर्फ एक रिश्ता नहीं, एक ज़िम्मेदारी भी रही है। मैं रिश्ते आधे मन से निभाना शायद सीख ही नहीं पाई। या तो पूरा रिश्ता निभाती हूँ, या फिर दूरी बना लेती हूँ।
लेकिन अगर कोई कभी मेरा दोस्त रहा है तो आज भी उसके लिए मेरे मन में वही प्यार, वही सम्मान, वही अपनापन और वही दुआ है।
हम संपर्क में रहें या न रहें…
रोज़ बात हो या सालों तक न हो…
ज़िंदगी हमें अलग दिशाओं में ले जाए…
फिर भी कुछ लोग हमारे दिल के उसी कोने में रहते हैं, जहाँ समय की पहुँच नहीं होती।
आज जब अपनी पूरी यात्रा देखती हूँ तो एहसास होता है कि मैंने अपनी ज़िंदगी में जो भी हासिल किया है, उसमें जितना मेरा योगदान है, उतना ही मेरे दोस्तों का भी है जिन्होंने ज़िन्दगी के अलग-अलग मोड़ों पर मेरा विश्वास टूटने नहीं दिया।
उन्होंने मेरे लिए रास्ते नहीं बनाए। लेकिन जब मैं थककर रुक गई, तब उन्होंने मुझे फिर चलने का हौसला दिया।
जब मैं अपने बारे में अच्छा सोचना भूल गई, तब उन्होंने मुझे मेरी अच्छाईयाँ याद दिलाईं।
जब मुझे लगा कि अब मुझसे नहीं होगा, तब उन्होंने मुझसे अधिक मुझ पर भरोसा किया।
शायद यही दोस्ती का सबसे सुंदर रूप है।
अगर आपकी ज़िंदगी में भी कोई ऐसा दोस्त है जिसे आप आधी रात बिना सोचे फ़ोन कर सकते हैं…
जिसके सामने आपको मज़बूत होने का नाटक नहीं करना पड़ता…
जो आपकी ख़ामोशी पढ़ लेता है…
आपकी हँसी के पीछे छिपी थकान पहचान लेता है…
और आपकी सफलता में सचमुच ख़ुश होता है…
तो यक़ीन मानिए, आप दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं।
क्योंकि पैसा, शोहरत और सफलता जीवन को आसान बना सकते हैं, लेकिन कठिन रास्तों पर हाथ पकड़कर चलने वाले लोग सिर्फ़ किस्मत वालों को मिलते हैं।
हम अक्सर भगवान का धन्यवाद अच्छी नौकरी, अच्छे घर, अच्छी सेहत या सफलता के लिए करते हैं।
लेकिन आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूँ तो लगता है कि भगवान ने मुझे सबसे बड़ा उपहार अच्छे दोस्त देकर दिया।
मेरे दोस्त मेरी मुश्किलें ख़त्म नहीं कर सके, न ही उन्होंने हर बार मुझे गिरने से बचाया। लेकिन जब भी मैं गिरी, उन्होंने सबसे पहले अपना हाथ मेरी ओर बढ़ाकर मुझे उठाया। उन्होंने मुझे इतना मजबूत बना दिया कि मैं अपनी मुश्किलों के साथ भी चल सकूँ।
आज अपनी अड़तालीस साल की ज़िन्दगी का हिसाब करती हूँ तो बहुत-सी चीज़ें हैं जो मैं हासिल नहीं कर सकी।
कुछ सपने अधूरे रह गए।
कुछ रास्ते बीच में ही छूट गए।
और कुछ मंज़िलें शायद मेरे हिस्से में थीं ही नहीं।
लेकिन फिर मैं उन चेहरों को याद करती हूँ, जो मेरी ज़िंदगी के सबसे कठिन दिनों में मेरे साथ थे। जिन्होंने मेरा हाथ थामा, मेरी ख़ामोशी सुनी, मुझे बिखरने नहीं दिया और मुझ पर तब भरोसा किया, जब मेरा अपना भरोसा डगमगा गया था।
तब लगता है कि शायद मैं जीवन में उतनी खाली भी नहीं रही, मैंने बहुत कुछ पाया है।
मैंने लोग कमाए हैं।
ऐसे लोग, जिन्हें मेरे साथ खड़े होने के लिए किसी रिश्ते, वचन या मजबूरी की ज़रूरत नहीं पड़ी और जिन्होंने हर बार अपनी इच्छा से मेरा साथ चुना।
इसलिए अगर आपकी ज़िंदगी में भी कोई ऐसा दोस्त है, तो आज उसे कोई बहुत लंबा संदेश मत भेजिए।
बस इतना लिख दीजिए…
“शुक्रिया दोस्त… मेरी ज़िन्दगी में होने के लिए। उस समय मेरा साथ देने के लिए, जब शायद मैं ख़ुद अपना साथ नहीं दे पा रही थी।”
यक़ीन मानिए, कुछ रिश्तों को निभाने के लिए बड़े उपहार नहीं चाहिए होते। सिर्फ समय रहते कहे गए कुछ सच्चे शब्द ही काफ़ी होते हैं।
ज़िन्दगी के अंत में शायद हमें यह याद नहीं रहेगा कि हमने कितनी दौलत कमाई, कितनी मंज़िलें हासिल कीं या दुनिया ने हमें कितना सफ़ल माना। लेकिन यह ज़रूर याद रहेगा कि सबसे कठिन दिनों में हमारा हाथ किसने थामा था और कौन हमारी हिम्मत बनकर हमारे साथ खड़ा रहा था।
शायद इसीलिए मैंने कभी लिखा था-
“ख़ामोशी में भी समझ ले जो जज़्बात तेरे दिल के,
ख़ुदा के उस तोहफ़े को सच्चा दोस्त कहते हैं।”
क्योंकि कुछ रिश्ते ख़ून के नहीं होते, फिर भी दिल को उतने ही अपने लगते हैं।
और शायद इंसान की असली कमाई भी वही लोग होते हैं-
जिन्हें दुनिया दोस्त कहती है…
और दिल कहता है…अपना सुकून, अपना घर।

Leave a Reply